Breaking: ED की गिरफ्त में शराब सिंडिकेट का अहम राजदार: दुबई में पकड़ा गया विकास अग्रवाल, जल्द होगा भारत प्रत्यर्पण

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 13 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच के बीच फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। उसे दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पिछले कई सालों से जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर था और फिलहाल यूएई (UAE) के अधिकारियों की हिरासत में है। अब उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया की जा रही है। इस घटनाक्रम को शराब घोटाले की जांच में एक अहम सफलता माना जा रहा है।

ad

सिंडिकेट का अहम वित्तीय मैनेजर था विकास अग्रवाल

प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था और उसे सिंडिकेट का मुख्य वित्तीय मैनेजर बताया गया है। उस पर डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलने के बाद उस रकम को शराब घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल अनवर ढेबर तक पहुंचाने का आरोप है। ईडी की जांच में विकास अग्रवाल की संलिप्तता को लेकर कई अहम तथ्य सामने आए थे। अब भारतीय एजेंसियां विकास अग्रवाल को भारत लाने की कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया में जुटी हुई हैं। प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उससे शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों के संबंधों के बारे में पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से इस पूरे घोटाले की जांच में कई नए खुलासे हो सकते हैं।

youtube

क्या है छत्तीसगढ़ शराब घोटाला?

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) कर रहा है और ईडी ने ही एसीबी (ACB) में एफआईआर दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर में 3200 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का जिक्र है। ईडी की जांच के अनुसार, तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में आईएएस अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए इस घोटाले को अंजाम दिया गया था।