स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 नवंबर 2026: स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन की दिशा में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों—नगर पालिक निगम रायपुर, नगर पालिक निगम बिलासपुर और नगर पंचायत बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
विशेष रूप से बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने देश में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य को गौरवान्वित किया है। वहीं, ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा रायपुर नगर पालिक निगम को स्वच्छता में राज्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मिला सम्मान
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित निकायों के महापौरों व आयुक्तों ने राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रायपुर महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, बिल्हा अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, सूडा मिशन डायरेक्टर सुमीत अग्रवाल, रायपुर आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिले राष्ट्रीय सम्मान हमारे शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। बिल्हा जैसे छोटे नगर का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्तीय श्रेणी में दूसरा स्थान पाना और रायपुर का राज्य में अग्रणी रहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
डिप्टी सीएम अरुण साव बोले – सामूहिक प्रयासों का परिणाम
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तीन नगरीय निकायों का सम्मानित होना राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बिल्हा का 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान पाना यह दर्शाता है कि सीमित संसाधनों वाले छोटे निकाय भी बेहतर प्रबंधन और जनसहभागिता से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।


