पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद, रामलला पर अखिलेश का सियासी संदेश क्या है?

Untitled

स्वतंत्र बोल
लखनऊ 11 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर अपना रुख साफ किया है। उन्होंने अपने अयोध्या दौरे को PDA से जोड़ते हुए कहा, ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद।’ अखिलेश ने कहा कि भगवान सबके हैं और वह अयोध्या के अलावा केदारेश्वर और मथुरा में भी दर्शन करने जाएंगे। अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने की चर्चा है। सपा की ओर से इस दौरे की तैयारियां की जा रही हैं। अखिलेश ने कहा कि अलग-अलग धर्मों में पूजा और दर्शन की अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। ऐसे में कहीं भी जाने में कोई परेशानी नहीं है।

ad

शिवपाल और रामगोपाल का भी किया जिक्र

अखिलेश ने अपने परिवार के वरिष्ठ नेताओं शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमारे घर में तो शिव और रामगोपाल पहले से हैं और आशीर्वाद पहले से मिल रहा है।’ उन्होंने अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद और अयोध्या सीट से पार्टी प्रत्याशी पवन का भी नाम लिया। अखिलेश ने कहा, ‘जब अवधेश और पवन हमारे साथ हैं, तो बीजेपी को घबराना नहीं चाहिए।’ बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह लूट और बर्बादी हुई है, उसका जवाब बीजेपी के पास क्या है? उनके बयान को अयोध्या दौरे के जरिए बीजेपी के हिंदुत्व के राजनीतिक एजेंडे का जवाब देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

youtube

ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन पर भी बोले

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन को लेकर भी अखिलेश से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है।

वोटर लिस्ट में आधार लिंकिंग का सुझाव

अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए पार्टी की ओर से दिए गए सुझावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा ने आधार लिंकिंग, मेटल आधार कार्ड और बायोमेट्रिक लिंकिंग का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा, ‘हमने जो वोटर लिस्ट के लिए सुझाव दिए, उसमें आधार लिंकिंग, मेटल आधार कार्ड और बायोमेट्रिक लिंकिंग की जाएं।’ अखिलेश ने कहा कि अब राजनीतिक लड़ाई 80-20 की नहीं, बल्कि 95-5 की है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ की जिम्मेदारी संभालने की अपील की। अखिलेश ने कहा कि चुनाव में जब कम पैसा खर्च होता है, तब पार्टी अच्छा प्रदर्शन करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से SIR के दौरान की तरह बूथ पर सक्रिय रहने और मतदाता सूची में वोट सुरक्षित रखने की अपील की।

लखीमपुर की घटना पर योगी सरकार को घेरा

लखीमपुर की घटना को लेकर अखिलेश ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हाथरस की घटना के बाद भी महिलाओं के खिलाफ घटनाएं नहीं रुकीं और लगातार ऐसे मामले सामने आते रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। उन्होंने पुलिस के रिस्पॉन्स सिस्टम पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि सरकार ने पुलिस की प्रतिक्रिया व्यवस्था को खराब कर दिया है।

पोस्टर विवाद पर कसा तंज

लखनऊ और प्रदेश के दूसरे हिस्सों में समाजवादी नेताओं के पोस्टर लगाए जाने और कथित तौर पर हटाए जाने के मुद्दे पर भी अखिलेश ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले लखनऊ में हर दिन उनके खिलाफ पोस्टर लगाए जाते थे, लेकिन अब ऐसा होना बंद हो गया है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, ‘हमें दुख है कि आखिर क्यों नहीं लग रहा पोस्टर, बजट कम हो गया है क्या?’ उन्होंने कहा कि लखनऊ के अलावा प्रदेश के दूसरे हिस्सों में जहां भी सपा नेताओं के पोस्टर लगाए जाते हैं, वहां की CCTV फुटेज पार्टी को चाहिए। अखिलेश के मुताबिक, फुटेज मिलने पर पार्टी इस मामले में कार्रवाई करेगी।