व्हाइट हाउस के ठीक सामने ऐसा क्या हुआ कि अचानक लगाना पड़ा लॉकडाउन? राष्ट्रपति ट्रम्प थे अंदर मौजूद

Untitled

स्वतंत्र बोल
वाशिगंटन 9 नवंबर 2026:
अमेरिका में सोमवार को राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस के पास एक बड़ी घटना घटी, जब एक कार साइनपोस्ट से टकरा गई। इस टक्कर के बाद व्हाइट हाउस को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया। घटना के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने आवास पर ही मौजूद थे। यह घटना वाशिंगटन डी.सी. में राष्ट्रपति आवास के पास स्थित लाफायेट स्क्वायर में हुई। घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और नेशनल गार्ड के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए ड्राइवर को पकड़ लिया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे हुई। एक सिल्वर रंग की सेडान कार लाफायेट स्क्वायर के उत्तरी हिस्से में एक साइनपोस्ट से टकरा गई, जिसके बाद गाड़ी से काफी धुआं निकलने लगा। यह देखकर वहां तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत कार की ओर दौड़े और ड्राइवर को बाहर निकलने का आदेश दिया। बाहर निकलने पर ड्राइवर ने भागने और एक सीक्रेट सर्विस एजेंट से उलझने की कोशिश की, लेकिन सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और नेशनल गार्ड के जवानों ने उसे तुरंत रोक लिया और हिरासत में ले लिया।

ad

इलाके में भारी सुरक्षाबल तैनात

लाफायेट स्क्वायर व्हाइट हाउस के ठीक सामने पेन्सिलवेनिया एवेन्यू पर स्थित है, जो राष्ट्रपति परिसर के पास एक प्रमुख सार्वजनिक स्थान है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई तथा व्हाइट हाउस के आसपास अस्थायी लॉकडाउन लगा दिया गया। हालांकि, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार दुर्घटना के कारण टकराई थी या उसे जानबूझकर उस इलाके में लाया गया था। इस सिलसिले में अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक व्यक्ति ने अपनी कार फुटपाथ पर चढ़ा दी थी, जबकि दूसरे व्यक्ति ने राष्ट्रपति भवन के सामने स्थित लाफायेट पार्क में बैरिकेड पार कर लिया था।

youtube

दो दिन पहले भी हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि इस घटना से महज दो दिन पहले ही व्हाइट हाउस के पास एक गाड़ी में कई हथियार मिलने के बाद सीक्रेट सर्विस ने एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। सुरक्षा एजेंसियों का आरोप था कि वह व्यक्ति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नुकसान पहुंचाने के इरादे से व्हाइट हाउस के पास आया था। इन लगातार घटनाओं के बाद वाशिंगटन में सुरक्षा एजेंसियों को और अधिक सतर्क कर दिया गया है।