26 साल का हुआ छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर दी बधाई, अटल जी को किया याद

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 31 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर रहा है। 1 नवंबर 2026 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए गर्व का अवसर है। इस मौके पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से ही छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ था और पृथक राज्य के गठन से प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को नई पहचान मिली।

ad

पहला राज्योत्सव जो लाल आतंक से पूरी तरह मुक्त

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संदेश में कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह राज्य का पहला ऐसा स्थापना दिवस है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक (नक्सलवाद) से पूरी तरह मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हुई है। इस सफलता में राज्य के वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान का बड़ा योगदान है, जिसे प्रदेश हमेशा याद रखेगा।

youtube

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर गांव में खुशहाली लाने, युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देने और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति के बल पर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य स्थापना दिवस अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ ही उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने सभी से मिलकर वर्ष 2047 तक एक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।