स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 अक्टूबर 2026: रायपुर में चक्रवात ‘अर्नब’ के असर और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 29 अक्टूबर को सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों तथा कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
रायपुर के अलावा बिलासपुर और महासमुंद में भी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
12 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
चक्रवात के प्रभाव के बीच रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से हल्की बारिश होने की जानकारी दी गई है।
बिलासपुर और महासमुंद में भी छुट्टी
मौसम की स्थिति को देखते हुए बिलासपुर में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शासकीय और गैर-शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने भी जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी किया है।
इससे पहले बुधवार को बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों के अलावा दुर्ग, धमतरी और गरियाबंद में भी स्कूल बंद रहे। सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भी 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) समेत संभाग के जिले शामिल हैं।
राहत और बचाव दल अलर्ट
रायपुर जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव से सतर्क रहने के लिए कहा जा रहा है।
पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व, बिजली विभाग, नगरीय निकाय और पंचायतों के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नदी-नालों और निचले इलाकों की निगरानी
प्रशासन ने नदी-नालों, निचले इलाकों, कमजोर भवनों, पेड़ों और बिजली लाइनों पर नजर रखने को कहा है। जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है। किसी भी तरह की सहायता के लिए रायपुर जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 0771-2413233 जारी किया है।
अंबिकापुर में सबसे अधिक और सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अंबिकापुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा।


