नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचेगी जांच, अब बड़े तस्करों पर कैसे होगी कार्रवाई?

1793198183 64fb969bad77c7c8776a

स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे विक्रेताओं या नशे की खेप ले जाने वालों तक सीमित न रहे। मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन, आपूर्ति और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर बड़े तस्करों, वित्तीय सहयोगियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

ad

विजय शर्मा ने ये निर्देश नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मादक पदार्थों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों, मादक पदार्थों की जब्ती, तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, संपत्ति कुर्की, वाहनों के राजसातीकरण और जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की समीक्षा की।

youtube

उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई केवल मामले दर्ज करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में ठोस नतीजे सामने आने चाहिए।

उत्पादन से बिक्री तक पूरी सप्लाई चेन की जांच

उप मुख्यमंत्री ने गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों की विस्तृत मैपिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर मामले में मादक पदार्थों के स्रोत, परिवहन मार्ग, आपूर्तिकर्ताओं, स्थानीय विक्रेताओं और कारोबार को नियंत्रित करने वाले लोगों की पहचान की जाए।

उन्होंने कहा कि केवल मादक पदार्थ ले जाने वाले वाहकों या छोटे पैडलरों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। जांच उन बड़े कारोबारियों और संगठित नेटवर्क तक पहुंचनी चाहिए, जो इस अवैध व्यापार को संचालित करते हैं। इसके लिए उत्पादन से लेकर अंतिम बिक्री तक पूरी श्रृंखला की पड़ताल करने को कहा गया।

नशे की कमाई और संपत्तियों की होगी जांच

विजय शर्मा ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर नियमानुसार कुर्की और जब्ती की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में एनडीपीएस एक्ट और सफेमा (SAFEMA) के तहत की गई कार्रवाइयों की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने नशे के कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की गहन जांच के लिए विशेष समिति गठित करने को कहा। इस समिति में चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ वित्तीय और विधिक विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा। समिति के जरिए अवैध कारोबार से अर्जित धन, संपत्तियों और वित्तीय नेटवर्क की जांच की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबारियों के आर्थिक तंत्र पर कार्रवाई करना इस अवैध व्यापार को रोकने के लिए जरूरी है।

नशे के खिलाफ अभियान में युवाओं की भागीदारी पर जोर

विजय शर्मा ने नशे के खिलाफ अभियान को समाज और देश की सेवा से जुड़ा काम बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना और उनके भविष्य को सुरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों से नशे के खिलाफ अभियान को प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ चलाने को कहा। साथ ही, इस अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।