स्वतंत्र बोल
बलौदा बाजार 26 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे 130 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दुर्घटना में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या में अभी और इजाफा होने की आशंका है। यह पूरी दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है।
अंबिकापुर से रायपुर आ रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस (CG 04 NM 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुई थी। सफर के दौरान बस में करीब 22 यात्री सवार थे, और सुबह का समय होने के कारण अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। इसी दौरान सुबह करीब 5:30 बजे बस दरचुरा के पास पहुंची और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिमगा थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बस के भीतर कई यात्री गंभीर हालत में फंसे हुए थे और उनका सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस खंगाल रही हादसे के कारण
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क मार्ग से हटाकर किनारे कर दिया है ताकि यातायात बाधित न हो। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ या खड़े ट्रक में रिफ्लेक्टर नहीं लगा हुआ था। दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


