स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाने में शीतला माता मंदिर के पीठाधीश नीरज सैनी के खिलाफ गंभीर मामलों में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(2) के तहत की गई है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल मोहन तिवारी को सौंपी गई है।
क्या है पूरा मामला और शिकायत की वजह?
यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर यादव (निवासी बंधवापारा, पुरानी बस्ती) ने पुरानी बस्ती थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, पुरानी बस्ती स्थित शीतला माता मंदिर प्रांगण में रोटाईन ठगों से सावधान और रोटाईनों से जल नहीं डलवाने के एवज में रुपए नहीं देने जैसे अनुचित शब्दों का सार्वजनिक पोस्टर पर उल्लेख किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसे देखने और पढ़ने से समस्त यादव समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है, जिससे समाज में भारी रोष व्याप्त है।
सुधीर यादव की शिकायत पर पुलिस का एक्शन
सुधीर यादव ने थाना प्रभारी पुरानी बस्ती को दिए गए आवेदन में शीतला मंदिर पुरानी बस्ती के पीठाधीश नीरज सैनी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिक जांच और तथ्यों के आधार पर बीएनएस की धारा 196(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। इस मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।


