स्वतंत्र बोल
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026: राजनांदगांव के गौरी नगर इलाके में गाय का कटा सिर मिलने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। पिछले दो दिनों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद आज सुबह फिर गाय का सिर मिलने की सूचना मिली। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
लगातार तीसरे दिन घटना, लोगों में आक्रोश
गौरी नगर में पिछले दो दिनों से गाय के अवशेष मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। आज सुबह फिर गाय का सिर पड़ा मिलने की सूचना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। VHP और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि पहले मिले अवशेष को किसी के कहने पर चुपचाप दफना दिया गया था। इस बात को लेकर भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
VHP ने दी आंदोलन की चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद ने पुलिस प्रशासन से घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल, घटना के पीछे की वजह और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच जारी है।


