स्वतंत्र बोल
जशपुर 12 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना बगीचा थाना क्षेत्र में बगीचा-बतौली स्टेट हाइवे पर मैनी चौक के पास हुई। अपने गांव सामरबार लौट रहे माता-पिता और उनके 16 वर्षीय बेटे की बाइक को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सरडीह से गांव लौटते समय मैनी चौक पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कोटवार गांव निवासी 52 वर्षीय नईहरसाय अपनी 48 वर्षीया पत्नी शांति बाई और 16 वर्षीय पुत्र बिरहसनन के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरडीह से अपने गांव सामरबार लौट रहे थे। बगीचा-बतौली स्टेट हाइवे पर मैनी चौक के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद लापरवाह चालक घायलों की मदद करने के बजाय उन्हें तड़पता छोड़कर वाहन समेत भाग निकला।
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बाइक, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बगीचा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गई, जिससे प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।


