यूपी-पंजाब में कांग्रेस का नया प्लान: दो राज्यों के अध्यक्ष बदले, जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?

Aaradhana mishra pargat singh

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 2 अक्टूबर 2026 :
उत्तर प्रदेश और पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दोनों राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। उत्तर प्रदेश में अजय राय की जगह तीन बार की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पंजाब में पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है।

ad

यूपी में आराधना मिश्रा को कमान

कांग्रेस ने 2 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नई टीम का ऐलान किया। आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वह प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से विधायक हैं और कांग्रेस विधायक दल की नेता भी रह चुकी हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं।

youtube

आराधना मिश्रा रामपुर खास से तीन बार विधायक चुनी जा चुकी हैं। अजय राय को अगस्त 2023 में उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। अब उनकी जगह आराधना मिश्रा को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

आराधना मिश्रा के साथ सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल का नया नेता बनाया गया है।

सितंबर में हुई थी मुलाकात

प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की सितंबर में प्रमोद तिवारी और आराधना मिश्रा से मुलाकात भी चर्चा में रही थी। इससे पहले गौतम ने कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष को लेकर फैसला कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को करना है।

पंजाब में परगट सिंह को जिम्मेदारी

पंजाब में कांग्रेस ने जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। वह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन रह चुके हैं। उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है।

राजा वड़िंग ने 2 अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद कांग्रेस ने परगट सिंह की नियुक्ति का ऐलान किया। यह बदलाव 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हुआ है।

परगट सिंह पंजाब में खेल और शिक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। वह नवजोत सिंह सिद्धू के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।