स्वतंत्र बोल
रायपुर 2 अक्टूबर 2026 : जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी का ‘कौआ सॉन्ग’ रिलीज हो गया है। गाने का नाम ‘जागो रे बघुआ छत्तीसगढ़ के, कोलिहा मन ललकारत हे’ है। अमित जोगी ने इसे अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है। गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है।
फेसबुक पोस्ट में क्या लिखा?
अमित जोगी ने गाना शेयर करते हुए छत्तीसगढ़ी में पोस्ट लिखा है। उन्होंने ‘हमर मंदिर, हमर देवता, हमर माटी’ का जिक्र किया। पोस्ट में उन्होंने कहा कि जब मंदिर की छत पर कौआ बैठकर खुद को देवता से बड़ा समझने लगे, तब गाना नहीं बल्कि ललकार निकलती है। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय छत्तीसगढ़ महतारी’ लिखा है।
गाने में ‘बघुआ’ को जगाने की बात
गाने की पंक्तियों में मंदिर की छत पर कौआ बैठने और खुद को देवता से बड़ा समझने का संदर्भ दिया गया है। इसके बाद छत्तीसगढ़ के ‘बघुआ’ को जागने की पुकार की गई है। गाने में ‘कोलिहा मन ललकारत हे’ और ‘माटी दाई पुकारत हे’ जैसी पंक्तियां भी हैं।
गाने में ‘अड़ानी’ के मंदिर की छत पर बैठने का भी उल्लेख किया गया है। इसके साथ छत्तीसगढ़ की माटी और उसे जगाने की पुकार को जोड़ा गया है।


