स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 सितम्बर 2026 : रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और नागरिक चले। पदयात्रा के जरिए नशामुक्त और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया। समापन पर मुख्यमंत्री ने लाल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता। इससे परिवार और पूरा समाज प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखना सामूहिक जिम्मेदारी बताया और प्रदेशवासियों से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की।
युवाओं को लेकर क्या बोले CM साय?
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा किसी भी प्रदेश की बड़ी शक्ति होते हैं। उनके अनुसार युवा स्वस्थ, शिक्षित और कुशल होंगे तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो प्रदेश आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता का इस्तेमाल परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में करें।
25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम भी है।
सेवा संकल्प अभियान में कई गतिविधियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता दी गई है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी शासन यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी अभियान के तहत प्रदेशभर में प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम किए जा रहे हैं। गुजरात के वडनगर से निकले बाइक राइडर्स के रायपुर पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस यात्रा में बस्तर के युवा भी शामिल हुए।
बस्तर के युवाओं को लेकर भी बोले CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा। इससे वहां विकास की गति प्रभावित हुई।
उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर काम हो रहा है। युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर से रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करने के लिए नई औद्योगिक नीति के जरिए निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक और उभरते क्षेत्रों में निवेश का जिक्र किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक इससे युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे।
27 साल से पदयात्रा आयोजित कर रहे विधायक
मुख्यमंत्री ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों पर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की।
उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं आता। इसमें जनभागीदारी जरूरी है। जब कोई अभियान समाज का अभियान बनता है, तभी उसके व्यापक और स्थायी परिणाम सामने आते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह भी लोगों को सकारात्मक बदलाव की ओर प्रेरित करेगा।
युवाओं से घर-परिवार तक संदेश पहुंचाने की अपील
मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में मौजूद छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति का संदेश परिवार, दोस्तों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर स्वस्थ, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।


