दो पिकअप, 9 क्विंटल गांजा और 6 आरोपी… NH-43 पर पुलिस ने ऐसे पकड़ी करोड़ों की खेप

Ganja mcb

स्वतंत्र बोल
मनेन्द्रगढ़ 27 सितम्बर 2026 : छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 क्विंटल 19 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये है। गांजा दो पिकअप वाहनों से बरामद हुआ। मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ad

NH-43 पर नाकेबंदी में पकड़े गए दो पिकअप

चौकी नागपुर और थाना पोड़ी पुलिस ने NH-43 पर नाकेबंदी के दौरान दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोका। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से गांजे की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल दोनों पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए गांजे और वाहनों समेत कुल मशरूका करीब 4.69 करोड़ रुपये का है।

youtube

ओड़िशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी खेप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि गांजे की खेप ओड़िशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी। अब पुलिस इस मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। जांच का उद्देश्य गांजे की सप्लाई के स्रोत से लेकर अंतिम गंतव्य तक जुड़े नेटवर्क का पता लगाना है।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अनिल टोप्पो (26), राजित इंद्रवार (20), विनय टेटे (33) और अरुप मिर्धा (22) सुंदरगढ़, ओड़िशा के निवासी हैं। वहीं अलबिरनी (25) और सुनीता (22) कटनी, मध्य प्रदेश के निवासी हैं।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा (IPS) और पुलिस अधीक्षक MCB रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह (सउनि), एएसआई रामकृपाल सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

जिला पुलिस MCB के अनुसार, अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।