स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 सितम्बर 2026 : छत्तीसगढ़ में देर रात अलग-अलग जिलों में मकान गिरने की दो घटनाएं सामने आईं। रायगढ़ के पुसौर ब्लॉक में कच्चा मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और 13 वर्षीय बेटा घायल हो गए। वहीं गरियाबंद के मैनपुर ब्लॉक में सो रहे परिवार पर मकान गिरने से चार लोग घायल हुए। बाढ़ के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हुई।
रायगढ़ में तीन लोग मलबे में दबे
पहली घटना पुसौर ब्लॉक के नंदेली गांव की है। यहां देर रात करीब 3 बजे कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (42) और 13 वर्षीय बेटा शिवम महंत घर में थे।
मकान गिरने से तीनों मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी को मलबे से बाहर निकालकर पुसौर अस्पताल पहुंचाया गया।
रास्ते में महिला की मौत
रोहिणी महंत की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
रतन महंत और उनके 13 वर्षीय बेटे शिवम का इलाज जारी है।
गरियाबंद में सोते परिवार पर गिरा मकान
दूसरी घटना गरियाबंद के मैनपुर ब्लॉक के राजापड़ाव क्षेत्र अंतर्गत गौरगांव की है। यहां आधी रात सो रहे परिवार पर मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में परिवार के चार लोग घायल हो गए।
बाढ़ के बीच खाट के सहारे नदी पार कराई
गौरगांव में मकान गिरने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया। इलाके में बाढ़ की स्थिति के कारण रास्ते प्रभावित थे।
इसके बाद 112 की टीम की मदद से घायलों को खाट के सहारे नदी पार कराकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मैनपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया।


