स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 सितम्बर 2026 : राजधानी रायपुर के पास सारागांव में शनिवार को कोल्हान नाले के तेज बहाव में जय अंबे की बस फंस गई। बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी और उसमें 70 यात्री सवार थे। मौके पर सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात थी और वाहनों को आगे जाने से रोका जा रहा था। इसके बावजूद चालक ने बस आगे बढ़ा दी। तेज बहाव में बस फंसने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यात्रियों ने आगे जाने से किया था मना
जानकारी के मुताबिक, यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के कोल्हान नाले का है। नाले में पानी का बहाव तेज था। इसे देखते हुए पुलिसकर्मी वाहनों को आगे जाने से रोक रहे थे।
बस में सवार यात्रियों ने भी चालक को आगे नहीं बढ़ने के लिए कहा। इसके बावजूद चालक बस को आगे ले जाता रहा। इसी दौरान सामने से ट्रकों के आने पर बस को साइड देना पड़ा। तभी बस तेज बहाव में फंस गई।
बस के पानी में फंसते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने घबराकर खिड़की से बाहर कूदने की तैयारी कर ली थी।
खिड़की से बाहर निकाले गए यात्री
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी और ग्रामीण बस के पास पहुंचे। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। दाई ओर की खिड़की से यात्रियों को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू अभियान में ग्रामीणों ने भी पुलिसकर्मियों की मदद की। सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में बस को भी पानी के बहाव से बाहर कर लिया गया।
चालक हिरासत में, दस्तावेजों की जांच
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि मौके पर चेतावनी दिए जाने के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया।
पुलिस ने बस का परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल की है। मामले में जांच जारी है।
सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को कोल्हान नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था। मौके पर मौजूद पुलिस टीम वाहनों को आगे जाने से रोक रही थी। इसके बावजूद यात्री बस आगे बढ़ गई। ट्रकों की आवाजाही के दौरान बस को साइड करना पड़ा और वह पानी के बहाव में फंस गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्काल यात्रियों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और बस को भी बाहर कर लिया गया। चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।


