स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 20 सितंबर 2026 : 1 अक्टूबर 2026 से घरेलू LPG सिलेंडर बुकिंग के नियम में बदलाव होने जा रहा है। नए नियम के तहत सब्सिडी वाले रेट पर LPG रिफिल बुक करने के लिए उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा करना जरूरी होगा। सरकार के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य सब्सिडी वाले सिलेंडरों का लाभ केवल पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें 1 अक्टूबर से पहले इसे पूरा करना होगा।
ऑथेंटिकेशन नहीं कराया तो क्या होगा?
सरकार ने साफ किया है कि बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराने या किसी कारण से इसे पूरा नहीं कर पाने पर LPG सिलेंडर की सप्लाई बंद नहीं होगी। हालांकि, ऐसे उपभोक्ताओं को सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना होगा और सरकारी सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा।
यानी LPG सिलेंडर मिलता रहेगा, लेकिन सब्सिडी वाले रेट का फायदा नहीं मिलेगा।
27.43 करोड़ उपभोक्ता करा चुके हैं BAA
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 19 सितंबर तक देश के 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके थे। यह कुल घरेलू LPG उपभोक्ताओं का करीब 89.9 फीसदी है।
जिन उपभोक्ताओं का BAA पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं है।
सितंबर में करीब 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी
सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये बताई गई है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, वे प्रक्रिया पूरी करने के बाद सब्सिडी वाले रेट पर सिलेंडर बुक कर सकेंगे।
सरकार के अनुसार, इस व्यवस्था से सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक और औद्योगिक इस्तेमाल को रोकने में मदद मिलेगी। इसके अलावा डुप्लीकेट और अपात्र LPG कनेक्शनों की पहचान करने में भी सहायता मिलेगी।
अक्टूबर 2023 से चल रहा है अभियान
घरेलू LPG उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन अभियान नया नहीं है। यह अक्टूबर 2023 से जारी है। सरकार इसकी समयसीमा कई बार बढ़ा चुकी है।
पहले यह प्रक्रिया 30 जून 2026 तक पूरी करनी थी। बाद में उपभोक्ताओं को राहत देते हुए समयसीमा बढ़ाकर 14 सितंबर 2026 कर दी गई थी। अब 1 अक्टूबर 2026 से नए नियम के तहत BAA पूरा करना जरूरी होगा।
सरकार ने उन LPG उपभोक्ताओं से भी प्रक्रिया जल्द पूरी करने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है।
डिलीवरी के समय भी करा सकते हैं ऑथेंटिकेशन
LPG उपभोक्ताओं को BAA के लिए अलग से ज्यादा भागदौड़ करने की जरूरत नहीं है। सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान भी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है।
इसके अलावा उपभोक्ता अपने गैस डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
घर बैठे प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा भी दी गई है। इसके लिए सरकारी ऑयल कंपनियों के मोबाइल ऐप IndianOil ONE, HelloBPCL और HP PAY का इस्तेमाल किया जा सकता है।


