साइकिल वाला सीरियल अटैकर गिरफ्तार!

स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अगस्त 2026 मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और दूसरी महिला से मारपीट के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला (29) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है।

ad

मामला 21 जुलाई 2026 का है। न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले थे। महिला की पहचान बोरियाकला निवासी के रूप में हुई, जो एक सोसाइटी में खाना बनाने का काम करती थी। वह सुबह काम के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी थी।

youtube

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला को अकेले जाते हुए देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। सुनसान जगह पर उसने महिला को पकड़कर उसके साथ मारपीट की, फिर पानी में गिराकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद गला दबाने और मुंह-नाक पानी में डुबोने से महिला की मौत हो गई। आरोपी उसका मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।

इसी दौरान 5 अगस्त को सेजबहार में एक दूसरी महिला से मारपीट की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला का पीछा कर उसे गाली दी, जान से मारने की धमकी दी और नाली में गिराकर उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया।

दोनों मामलों की जांच के लिए पुलिस ने 8 से ज्यादा टीमें बनाई और घटनास्थल व आसपास के रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस को देवेन्द्र के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल साइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी महिला संबंधी अपराध में जेल जा चुका है। 2017 के एक दुष्कर्म मामले में उसे अदालत से 10 साल की सजा भी मिल चुकी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं वह पहले भी ऐसी अन्य घटनाओं में शामिल तो नहीं रहा है।