महिला से सामूहिक दुष्कर्म: शराब पिलाया फिर अँधेरे मे ले जाकर किया दुष्कर्म, नाबालिक सहित चार गिरफ्तार…

स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 अगस्त 2026 राजधानी में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने महिला को शराब पिलाने के बाद अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। घटना डीडी नगर और आजाद चौक थाना क्षेत्र से जुड़ी है।

ad

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा, आयुष और दुर्गा के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला को सरोना स्थित शराब दुकान के पास लेकर गए थे। आरोप है कि वहां उसे शराब पिलाई गई, जिसके बाद उसकी स्थिति बिगड़ गई।

youtube

महिला की शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी उसे आजाद चौक क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल परिसर में ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। इसके बाद महिला को आमापारा स्थित आरडी तिवारी स्कूल के मैदान में ले जाया गया, जहां भी उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

मामले में पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।