स्वतंत्र बोल
रायपुर 01 जुलाई 2026: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीरगांव के गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार ने शिकायत में बताया कि उसकी पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली एक महिला से थी, जो मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी के नाम से भी जानी जाती है।
शिकायत के मुताबिक, 6 जनवरी 2026 को महिला के बुलावे पर वह उसके घर गया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने उसे शराब पिलाई, जिसमें कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाया गया था। पीड़ित का दावा है कि इसके बाद वह बेहोश हो गया और होश आने पर उसने खुद को आपत्तिजनक स्थिति में पाया। इसी दौरान उसकी अश्लील तस्वीरें खींच ली गई थीं।
पीड़ित का आरोप है कि दो दिन बाद उसे फिर महिला के घर बुलाया गया, जहां उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर उन्हें परिवार और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। बदनामी के डर से उसने आरोपित महिलाओं की मांग के अनुसार पैसे देना शुरू कर दिया।
शिकायत के अनुसार, 8 जनवरी को 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद फरवरी में 48 हजार, मार्च में 45 हजार, अप्रैल में 46 हजार, मई में 46 हजार और जून में 30 हजार रुपये दिए गए। इस तरह कुल 2 लाख 65 हजार रुपये वसूले जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने बताया कि पैसे देने के बावजूद आरोपी महिलाएं लगातार और रकम की मांग करती रहीं तथा तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाती रहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


