महिला बनकर आए, फिर निकाला कट्टा और चाकू… दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

स्वतंत्र बोल
कोरबा 01 जुलाई 2026:
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरी में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश से सनसनी फैल गई। तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स में घुसे और कुछ ही मिनटों में लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ad

जानकारी के अनुसार, करीब एक बजे तीन बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे। इनमें से एक आरोपी महिला के भेष में सलवार-सूट पहनकर आया था, ताकि किसी को उस पर शक न हो। आरोपियों ने पहले सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही और फिर अचानक दुकान संचालक की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया।

youtube

इसके बाद बदमाशों ने कट्टा और चाकू दिखाकर दुकान में रखे जेवरात लूटने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि अफरा-तफरी के दौरान वे कुछ असली और कुछ आर्टिफिशियल (नकली) आभूषण अपने कब्जे में लेने में सफल रहे।

घटना के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक राजकुमार अग्रवाल पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने उन पर चाकू से वार किया, जबकि उन्हें दांत से काटने की भी जानकारी सामने आई है।

संचालक के साहस और विरोध के कारण बदमाश अपनी पूरी योजना को अंजाम नहीं दे सके। भागने की जल्दबाजी में आरोपी मौके पर एक कट्टा और प्लेटिना बाइक छोड़कर फरार हो गए। उनके कब्जे से केवल कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी ले जाने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कटघोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।