बेटी के जन्मदिन पर बिछा था पुलिस का जाल, लेकिन फिसल गया पेपर लीक का मास्टरमाइंड! पत्नी गिरफ्तार, चौंकाने वाले खुलासे

स्वतंत्र बोल
पटना 01 जुलाई 2026:
 महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस की पूरी घेराबंदी के बावजूद बिजेंद्र गुप्ता फरार होने में सफल रहा। इस कार्रवाई के बाद देशव्यापी परीक्षा माफिया नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आए हैं।

ad

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिजेंद्र गुप्ता अपनी छोटी बेटी के जन्मदिन के मौके पर पटना के अगमकुआं स्थित गांधी नगर वाले फ्लैट पर जरूर पहुंचेगा। इसी सूचना के आधार पर महाराष्ट्र की भिवंडी पुलिस और बिहार एसटीएफ ने सोमवार देर रात फ्लैट की घेराबंदी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही बिजेंद्र गुप्ता फरार हो गया।

youtube

छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसकी पत्नी सुमन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियों का दावा है कि सुमन गुप्ता को अपने पति की कथित प्रश्नपत्र लीक साजिश की पूरी जानकारी थी। आरोप है कि वह अवैध कमाई का हिसाब-किताब संभालती थी और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पैसों की व्यवस्था कराने में भी अहम भूमिका निभाती थी।

इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस पहले ही 27 जून 2026 को पटना निवासी राजीव शाह, आकाश और हरियाणा निवासी धीरज को ठाणे के भिवंडी स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बिजेंद्र गुप्ता को पूरे पेपर लीक नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया था।

जांच में यह भी सामने आया है कि महाराष्ट्र TET 2026 का प्रश्नपत्र कथित तौर पर आगरा स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस से लीक कराया गया था। पुलिस के अनुसार, प्रश्नपत्र के चारों सेट उत्तर प्रदेश के सोनू और अनूप ने बिजेंद्र गुप्ता तक पहुंचाए थे। दोनों को उस प्रिंटिंग प्रेस का कर्मचारी बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी बिजेंद्र गुप्ता और उसके करीबी सहयोगी कपिल दहिया की तलाश में जुटी हुई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि दोनों की गिरफ्तारी से देशभर में फैले परीक्षा माफिया नेटवर्क के कई और बड़े राज सामने आ सकते हैं।