स्वतंत्र बोल
कवर्धा 29 जून 2026। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पंडरिया थाना क्षेत्र के लघान गांव के पास दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, फ्रॉन्क्स कार (CG 09 JS 4619) और वैगनआर कार (MP 50 ZB 0139) के बीच तेज रफ्तार में आमने-सामने की भिड़ंत हुई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। इनमें से एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान कबीरधाम जिले के धरमपुरा निवासी के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


