CM साय की प्रदेशवासियों से बड़ी अपील! बच्चों की ये छोटी-सी लापरवाही पड़ सकती है भारी, जरूर पिलाएं ‘जिंदगी की दो बूंद’

 

ad

रायपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों, विशेषकर माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए यह छोटी-सी सावधानी बेहद महत्वपूर्ण है।

youtube

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि जब बात बच्चों के भविष्य की हो, तो हमारी छोटी-सी जिम्मेदारी भी बड़ा बदलाव ला सकती है। उन्होंने कहा कि पोलियो की दो बूंद केवल दवा नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है।

सीएम साय ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार के साथ-साथ आसपास के बच्चों को भी पोलियो की दवा अवश्य दिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित न रह जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो मुक्त भारत का संकल्प और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा बच्चों के बेहतर और सुरक्षित भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।