स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 जून 2026: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। यहां से वह भिलाई में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अयोध्या राम मंदिर दान में कथित गड़बड़ी के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
राम मंदिर दान मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर सोनू सूद ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि सब ठीक हो जाएगा। उनका यह संक्षिप्त बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब इस मामले की जांच लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।
दरअसल, बीते दिनों अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए नगद दान और अन्य चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया था। प्रारंभिक जांच के बाद उत्तर प्रदेश सरकार की एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर मंदिर ट्रस्ट की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोप है कि दान की राशि में हेराफेरी, आपराधिक साजिश और भरोसे का उल्लंघन किया गया। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित गड़बड़ी कितनी बड़ी है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।


