स्वतंत्र बोल
रायपुर, 24 जून 2026: छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में 1 जुलाई 2026 से लागू होने जा रही वीबी जी रामजी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना को लेकर उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रचार-प्रसार के लिए पूरे प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला स्तर पर लगातार ग्राम सभाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम और बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य, पात्रता और लाभों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
योजना के प्रति ग्रामीणों में बढ़ते उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई गांवों में लोग स्वयं आगे आकर इसके प्रचार-प्रसार में भागीदारी निभा रहे हैं। बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने अनूठी पहल करते हुए मानव श्रृंखला बनाई और लोगों को योजना से जुड़ने का संदेश दिया।
मानव श्रृंखला के दौरान ग्रामीणों ने “वीबी जी रामजी – गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी”, “रोजगार और आजीविका का नया संबल” तथा “समृद्ध गांव, सशक्त परिवार” जैसे संदेशों वाली तख्तियां हाथों में लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया। ग्रामीणों ने इसे केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का जनआंदोलन बताया।
ग्रामीणों की इस पहल की सराहना केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने भी की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेमेतरा की तस्वीर साझा करते हुए इसे ग्रामीणों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी मानव श्रृंखला के माध्यम से किए जा रहे जनजागरूकता प्रयासों की प्रशंसा की है।
ग्राम सभाओं में अधिकारियों द्वारा बताया जा रहा है कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, रोजगार सृजित करना और परिवारों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत 30 जून तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि योजना लागू होने के बाद किसी प्रकार की परेशानी न हो।
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लोगों तक जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस बीच उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma ने भी सोशल मीडिया पर लाइव आकर आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जी रामजी योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि 1 जुलाई से लागू होने वाली यह योजना गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। योजना शुरू होने के साथ ही प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।


