2 किलो सोने का खजाना बताकर रचा बड़ा खेल! 10 लाख लेकर गायब हुए मां-बेटे, जांच में खुली चौंकाने वाली सच्चाई

रायपुर। कम कीमत में मोटा मुनाफा कमाने की चाह एक कारोबारी को लाखों की चपत लगाकर चली गई। राजधानी रायपुर में कथित तौर पर खुदाई में मिला दो किलो सोने का हार बेचने का झांसा देकर मां-बेटे ने एक कारोबारी से 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। हैरानी की बात यह है कि सौदा पक्का करने से पहले आरोपियों ने सोने के असली टुकड़े दिखाकर ऐसा भरोसा बनाया कि कारोबारी को ठगी का जरा भी अंदेशा नहीं हुआ।

ad

मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार भिलाई के गुरुनानक नगर निवासी धवल बडोदरिया सैनेटरी व्यवसाय से जुड़े हैं। उनकी मुलाकात मित्र नमन अग्रवाल के माध्यम से राजेश प्रजापति से हुई थी। बातचीत के दौरान राजेश ने दावा किया कि उसे खुदाई के दौरान एक पीतल के लोटे में करीब दो किलो वजनी सोने का हार मिला है।

youtube

आरोपी ने अपने दावे को सही साबित करने के लिए हार का एक छोटा हिस्सा तोड़कर धवल और उनके मित्र को जांच के लिए दिया। जब उस टुकड़े की जांच कराई गई तो वह असली सोना निकला। इससे कारोबारी का भरोसा बढ़ गया और उसने हार खरीदने में रुचि दिखाई।

बताया जा रहा है कि 22 जून को धवल की मुलाकात राजेश और उसकी मां से रायपुरा चौक के पास हुई। इस दौरान आरोपियों ने हार का एक और टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो फिर से असली सोना निकला। लगातार दो बार जांच में सोना असली निकलने के बाद कारोबारी पूरी तरह उनके झांसे में आ गया।

अगले दिन 23 जून को दोनों पक्षों के बीच सौदा तय हो गया। आरोपियों ने कथित दो किलो वजनी सोने का हार कारोबारी को सौंप दिया और बदले में 10 लाख रुपये नकद ले लिए। सौदा कार के भीतर ही हुआ। रकम लेने के बाद मां-बेटे को डीडी नगर थाना क्षेत्र के पास उतारा गया, जहां से वे ई-रिक्शा में बैठकर निकल गए।

सौदा पूरा होने के बाद कारोबारी ने हार की सत्यता जांचने के लिए उसका एक हिस्सा अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में दिखाया। कहीं हार को असली बताया गया तो कहीं संदेह जताया गया। इसके बाद जब वह भिलाई स्थित अपने परिचित ज्वेलर के पास पहुंचा और विस्तृत जांच कराई गई तो पूरा मामला खुल गया। परीक्षण में कथित सोने का हार नकली निकला।

सच्चाई सामने आते ही कारोबारी के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे समझ में आ गया कि असली सोने के छोटे-छोटे टुकड़ों के जरिए उसका विश्वास जीतकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया गया है।

पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सस्ते में सोना और भारी मुनाफे का लालच कई बार लोगों को ऐसे जाल में फंसा देता है, जहां से निकलना बेहद महंगा पड़ जाता है।