रायगढ़। तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर सड़क किनारे जली हुई अवस्था में मिली महिला की लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। शव की पहचान तक नहीं हो पा रही थी और पुलिस के सामने यह एक अंधा कत्ल बनकर खड़ा था। लेकिन अब इस खौफनाक हत्या का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने मृतिका के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने हत्या के बाद पहचान मिटाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था।
जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव मिला था। घटनास्थल पर शव को घसीटे जाने के निशान भी पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मृतिका की पहचान के लिए सोशल मीडिया और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों का सहारा लिया। इसी बीच ग्राम बोरो, जिला जशपुर से पहुंचे दो युवकों ने शव और घटनास्थल से बरामद कपड़ों की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस का शक लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा पर गया, जो घटना के बाद से गायब था। पुलिस ने जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने हत्या की पूरी कहानी उगल दी।
आरोपी ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से क्षेत्र में मजदूरी कर रहा था। करीब तीन माह पहले उसकी पहचान मंगरिता एक्का से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। लेकिन मृतिका को आरोपी पर दूसरी महिला से संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना वाले दिन मंगरिता एक्का घर जाने के लिए निकली थी। आरोपी भी उसके पीछे-पीछे गया। रास्ते में दोनों महुआ के पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आरोपी ने मंगरिता की साड़ी से उसका गला घोंट दिया और मौके पर ही उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। शाम को वह पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर लौटा और शव को घसीटकर क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले गया। इसके बाद पहचान मिटाने की नीयत से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना के समय पहने गए कपड़े, पेट्रोल की बोतल और माचिस बरामद कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी इमिलीयूस तिग्गा (45 वर्ष), निवासी अमडीहा, थाना फरसाबहार, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की तकनीकी जांच, सोशल मीडिया के उपयोग और सूचनातंत्र की मदद से इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझने के बाद अब पूरे मामले का भयावह सच सामने आ गया है।


