स्वतंत्र बोल
रायगढ़ 20 जून 2026: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिले में 25 जून को एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जहां एक-दो नहीं बल्कि 684 पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि 10वीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीएससी नर्सिंग योग्यताधारी अभ्यर्थियों को इसमें रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र परिसर में आयोजित होने वाला यह जिला स्तरीय रोजगार मेला 25 जून को सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। रोजगार मेले का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत मे. श्रमिन वेल्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रिकल मीटर टेक्नीशियन के 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं मे. एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा लाइफ मित्र, सेल्स ऑफिसर और डेवलपमेंट ऑफिसर के कुल 180 पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा मे. सॉफ्टबीट कम्प्यूटर रायगढ़ द्वारा नर्सिंग ट्यूटर के 4 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इस तरह कुल 684 रिक्त पदों पर चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार आकर्षक वेतनमान और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अद्यतन बायोडाटा शामिल हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र और इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। रोजगार मेले और रिक्त पदों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जिला रोजगार कार्यालय तथा ई-रोजगार पोर्टल से प्राप्त की जा सकती है।
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह मेला करियर की नई शुरुआत साबित हो सकता है, जहां एक ही स्थान पर सैकड़ों पदों के लिए सीधे चयन का मौका मिलेगा।


