स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 जून 2026: मंत्रालय में बेहतर काम करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के लिए सोमवार का दिन खास रहा। मुख्य सचिव विकासशील ने ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के त्वरित निराकरण और समय पर कार्यालय पहुंचने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने साफ संदेश दिया कि डिजिटल कार्यप्रणाली और समयबद्धता ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है।
मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली का अधिकतम उपयोग करें तथा कार्यालयीन कार्यों के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन को प्राथमिकता दें। उन्होंने सभी को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश भी दिए।
ई-ऑफिस में गृह विभाग रहा नंबर वन
मई माह के प्रदर्शन के आधार पर ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों को सम्मानित किया गया। इसमें गृह विभाग ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि समाज कल्याण विभाग दूसरे और सामान्य प्रशासन विभाग तीसरे स्थान पर रहा।
इन विभागों की ओर से प्रशंसा पत्र क्रमशः नेहा चम्पावत, शहला निगार और रजत कुमार ने प्राप्त किए।
सचिव स्तर पर भी हुआ सम्मान
मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस में फाइल निष्पादन के आधार पर सचिव स्तर के अधिकारियों को भी सम्मानित किया। सामान्य प्रशासन और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं विधि एवं विधायी कार्य विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत दूसरे और गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।
कई श्रेणियों में चुने गए श्रेष्ठ अधिकारी
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, वरिष्ठ सचिवालय सहायक, कनिष्ठ सचिवालय सहायक और तकनीकी कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य सचिव ने कहा कि ई-ऑफिस केवल तकनीकी बदलाव नहीं बल्कि कार्य संस्कृति में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे पारदर्शिता बढ़ती है, फाइलों का त्वरित निपटारा होता है और प्रशासनिक कार्यों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।
समय पर पहुंचने वालों को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम में समयबद्धता और नियमित उपस्थिति के लिए भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें अवर सचिव से लेकर अनुभाग अधिकारी, सहायक, स्टेनोटाइपिस्ट और भृत्य तक शामिल रहे।
मुख्य सचिव ने कहा कि शासन की कार्यक्षमता केवल नीतियों से नहीं बल्कि उन्हें लागू करने वाले कर्मचारियों की कार्यशैली से तय होती है। समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य प्रशासन की विश्वसनीयता को मजबूत करता है।
मंत्रालय में आयोजित यह सम्मान समारोह न केवल बेहतर प्रदर्शन करने वालों के लिए प्रोत्साहन बना, बल्कि अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा दे गया।


