स्वतंत्र बोल
रायपुर 13 जून 2026 : प्रदेश में सुशासन को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा कदम उठाया है। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार अब सीएम हेल्पलाइन 1076 को 24×7 संचालित करने की तैयारी में है। इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे और उनके समयबद्ध निवारण की निगरानी भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए शिकायतों के पंजीयन, मॉनिटरिंग और समाधान की प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं हेल्पलाइन पर आई एक कॉल रिसीव कर नागरिक की समस्या सुनी और अधिकारियों को पारदर्शी तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरकार के अनुसार यह आधुनिक शिकायत प्रबंधन प्रणाली राज्य के सभी सरकारी विभागों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ती है। नई व्यवस्था में प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग आसान होगी। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह दोबारा समीक्षा की मांग भी कर सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य जनसमस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनेगी। इसके जरिए नागरिक अपनी शिकायतों के साथ-साथ विकास से जुड़े सुझाव भी सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
1200 से ज्यादा शिकायत श्रेणियां, 8 हजार अधिकारी जुड़े
नए शिकायत प्रबंधन सिस्टम में नागरिकों की सुविधा के लिए 1200 से अधिक शिकायत श्रेणियां बनाई गई हैं। ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक जवाबदेही तय करने के लिए लगभग 8 हजार प्रशासनिक अधिकारियों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। खास बात यह है कि इस पूरी व्यवस्था के संचालन में स्थानीय युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
डेटा एनालिसिस से होगी विभागों की निगरानी
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल शिकायतों का निपटारा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि एमआईएस डैशबोर्ड और डेटा एनालिसिस के जरिए यह भी पता लगाया जाए कि किस विभाग में सबसे ज्यादा समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि डेटा आधारित निर्णय ही बेहतर प्रशासन और प्रभावी सुशासन की पहचान हैं।
एक घंटे में दूर हुई बिजली समस्या
सीएम हेल्पलाइन की प्रभावशीलता का एक उदाहरण कोरबा जिले से सामने आया। पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू ने अपने इलाके में लगातार हो रही विद्युत वोल्टेज की समस्या को लेकर शाम करीब 4 बजे हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही विद्युत विभाग की टीम सक्रिय हुई और जांच में 100 केवीए क्षमता वाले डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर के न्यूट्रल में खराबी पाई गई।
विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य कर समस्या का समाधान किया और शाम 5 बजकर 09 मिनट तक बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी गई। यानी शिकायत दर्ज होने के लगभग एक घंटे के भीतर ही राहत मिल गई।
त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट रामकुमार साहू ने कहा कि अब आम नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 को जनहित में शुरू की गई प्रभावी पहल बताते हुए लोगों से इसका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और डिजिटल माध्यम से पारदर्शी, जवाबदेह तथा तेज सेवा उपलब्ध हो सकेगी।


