स्वतंत्र बोल
राजनांदगांव 10 जून 2026: शहर के जमातपारा क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद इलाके में जमकर हंगामा मच गया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कैलाश लॉज के संचालक और एक विवाहित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, जमातपारा स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की आशंका जताई जा रही थी। बुधवार को इस मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इस दौरान वहां मौजूद एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में देखकर लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी।
सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने बताया कि मौके से एक महिला और कैलाश लॉज के संचालक प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह आरोपी के साथ वहां आई थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रीमन कुमार जैन (45 वर्ष), पिता सुभाष चंद जैन, निवासी केशर नगर, गायत्री स्कूल के पास, राजनांदगांव है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय में चल रही गतिविधियों को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मामला केवल संदिग्ध गतिविधियों तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।


