अंबिकापुर/गरियाबंद/तखतपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कहीं तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में जा घुसी, तो कहीं सरकारी वाहन की टक्कर ने एक युवक की जान ले ली। वहीं जर्जर सड़क ने एक और हादसे को जन्म दे दिया, जिसमें ईंटों से लदा ट्रैक्टर पलट गया और उसके नीचे एक बच्चा व युवक दब गए।
आधी रात ट्रक से टकराई कार, युवक की मौत
अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात दर्दनाक हादसा हो गया। मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकलां के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक कार (CG 04 QS 4079) में दो लोग सवार थे, जो अंबिकापुर से रायपुर जा रहे थे। रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुए इस हादसे में पैसेंजर सीट पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
सरकारी बोलेरो की टक्कर से गई जान
दूसरी घटना गरियाबंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। नहरगांव के पास आबकारी विभाग की सरकारी बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला बताया गया है और ट्रैक्टर चालक का काम करता था। पुलिस ने सरकारी वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गड्ढे में फंसा ट्रैक्टर, ईंटों के नीचे दबे बच्चा और युवक
तखतपुर में जर्जर सड़क एक और हादसे की वजह बन गई। नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर ईंटों से भरा ट्रैक्टर सड़क के बड़े गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही ईंटों का भारी ढेर सड़क किनारे मौजूद एक 40 वर्षीय युवक और एक बच्चे पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को ईंटों के ढेर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा
तखतपुर हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नागरिकों का आरोप है कि मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है और कई शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का भूमिपूजन हुए एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ।
बुधवार को हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।


