स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 08 जून 2026: गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला बिलासपुर से सामने आया है। एक निजी स्कूल के पूर्व शिक्षक पर अपनी ही पूर्व छात्रा का अपहरण कर होटल में दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर करीब छह महीने तक खौफ के साए में रखा, जिसके कारण पीड़िता चुप रही। लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
रास्ते में रोका, चाकू दिखाकर स्कूटी पर बैठाया
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2025 में स्कूल में पूर्व में कार्यरत शिक्षक राहुल बांगरू ने उसे रास्ते में अकेला पाकर रोक लिया। आरोप है कि उसने चाकू दिखाकर छात्रा को डराया और जबरन अपनी स्कूटी पर बैठाकर ले गया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे तोरवा क्षेत्र स्थित एक होटल में लेकर पहुंचा, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
वारदात के बाद दी जान से मारने की धमकी
आरोप है कि घटना के बाद आरोपी छात्रा को वापस सिरगिट्टी क्षेत्र में छोड़ गया और किसी को भी घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शिक्षक की धमकी और सामाजिक भय के कारण नाबालिग लंबे समय तक मानसिक दबाव में रही और किसी से कुछ नहीं कह सकी।
छह महीने बाद टूटी चुप्पी
करीब छह महीने तक खामोश रहने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और तुरंत सिरगिट्टी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दबिश देकर किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद एक विशेष टीम ने देवरीखुर्द स्थित आरोपी राहुल बांगरू के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और नाबालिग से जुड़े गंभीर प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिस व्यक्ति पर बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने की जिम्मेदारी थी, उसी पर इतने गंभीर आरोप लगना बेहद चिंताजनक है।


