7.88 करोड़ के नशे का हुआ अंत! हजारों अफीम पौधों से भरा जखीरा भट्ठी में झोंका, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

स्वतंत्र बोल
रायपुर 05 जून 2026:  छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया गया है। करोड़ों रुपये कीमत के मादक पदार्थों का विशाल जखीरा कड़ी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के बीच पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद अवैध नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

ad

जिला दुर्ग के थाना पुलगांव में एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त किए गए मादक पदार्थों का 4 जून 2026 को विधिसम्मत तरीके से नष्टिकरण किया गया। यह कार्रवाई उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में भिलाई स्टील प्लांट के एसएमएस-3 प्लांट में संपन्न हुई।

youtube

14 लाख से ज्यादा अफीम पौधों का किया गया खात्मा

कार्रवाई के दौरान कुल 14 लाख 30 हजार 100 नग अफीम के पौधे, उनकी जड़ें, तने, पत्तियां, फूल और फल नष्ट किए गए। इसके अलावा 62.422 किलोग्राम अफीम का सूखा फल (डोडा) और 572 ग्राम अफीम युक्त सूखा मिश्रित डोडा (बुक्की) भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये आंकी गई है।

बड़े अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने किया। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग शशांक कुमार, आबकारी विभाग के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

नष्टिकरण की प्रक्रिया पर्यावरण संबंधी सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के बाद निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी की गई।

इस मामले में हुआ था बड़ा खुलासा

पुलिस के अनुसार यह मादक पदार्थ थाना पुलगांव में दर्ज अपराध क्रमांक 247/2026 के तहत बरामद किए गए थे। मामला स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 8 और 18 से संबंधित है।

उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जब्त सामग्री का विधिवत नष्टिकरण सुनिश्चित किया।

नशा कारोबारियों को कड़ा संदेश

कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक पनिक राम कुजूर, उप पुलिस अधीक्षक शिल्पा साहू, पर्यावरण विभाग के संजय सिंह परिहार तथा बीएसपी एसएमएस-3 के अधिकारी भी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल जब्त सामग्री को नष्ट करना नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को स्पष्ट संदेश देना भी है कि प्रदेश में मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन और बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस की अपील, संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों के अवैध भंडारण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि जनता के सहयोग से ही नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है।

करोड़ों रुपये के मादक पदार्थों को नष्ट करने की इस कार्रवाई को प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नशा कारोबारियों के खिलाफ शिकंजा और कसता जाएगा।