जिला अस्पताल के बाहर खड़ी थी संदिग्ध कार, पुलिस ने खोला डिक्की का राज तो उड़ गए होश

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर, 01 जून 2026:  जिला अस्पताल के पास खड़ी एक संदिग्ध कार ने उस वक्त पुलिस का ध्यान खींचा, जब मुखबिर ने उसमें अवैध शराब की खेप होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान जो मिला, उसने तस्करों की पूरी योजना पर पानी फेर दिया।

ad

अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सेंट्रो कार जब्त की है। दोनों आरोपित जिला अस्पताल के पास शराब की सप्लाई और बिक्री की तैयारी में खड़े थे।

youtube

सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध मदिरा बिक्री और उससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम शराब तस्करों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की एक सेंट्रो कार में बड़ी मात्रा में देशी शराब रखी गई है और उसमें सवार दो व्यक्ति जिला अस्पताल के पास स्थित शौचालय (सुलभ) के सामने खड़े होकर शराब खपाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 35 नग पौवा देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब और वाहन को जब्त कर लिया। पूछताछ के बाद इंदिरा कॉलोनी तारबाहर निवासी सफी कुरैशी और शेख अकबर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।