टेबल के नीचे चल रहा था रिश्वत का खेल! किसान ने चुपके से बनाया वीडियो, वायरल होते ही पटवारी सस्पेंड

स्वतंत्र बोल
कोरबा 29 मई 2026: कोरबा जिले में रिश्वतखोरी का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे राजस्व विभाग में हड़कंप मचा दिया है। टेबल के नीचे नोट गिनते एक पटवारी का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल बड़ी कार्रवाई कर दी गई।

ad

मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील अंतर्गत पिपरिया हल्के का है। यहां पदस्थ पटवारी विनोद अग्रवाल पर एक किसान से जमीन संबंधी काम के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पटवारी ने जमीन का वन पट्टा ऑनलाइन करने के लिए 5 हजार रुपए और फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपए की मांग की थी।

youtube

किसान लंबे समय से अपने काम के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा था। आखिरकार मजबूरी में उसने रिश्वत देने का फैसला तो किया, लेकिन साथ ही पूरे खेल का सबूत जुटाने के लिए मोबाइल कैमरा भी चालू कर दिया। वीडियो में पटवारी को टेबल के नीचे नोट गिनते हुए देखा जा सकता है।

जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, प्रशासन में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पटवारी विनोद अग्रवाल को निलंबित कर दिया।

अब इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किसानों से खुलेआम रिश्वत मांगने का यह खेल कब तक चलता रहेगा।