स्वतंत्र बोल
दुर्ग 28 मई 2026: भिलाई के दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में चल रहे क्रिकेट मैच के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद को प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी स्टेडियम में खुलेआम रौब झाड़ते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बना रहा था। शुरुआत में लोग उसे वीआईपी समझकर चुप रहे, लेकिन जब उसकी हरकतें बढ़ीं तो मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया।
खुर्सीपार पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरा खेल सामने आ गया। आरोपी की पहचान सर्वेश सिंह के रूप में हुई, जो खुद को गृह मंत्री का खास आदमी बताकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था। शिकायतकर्ता जय प्रकाश ने 27 मई को थाना खुर्सीपार में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक 25 मई 2026 को स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान आरोपी ने खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और खुद को मंत्री का ओएसडी बताकर दबाव बनाने लगा। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शादी, नौकरी और प्यार… फिर शुरू हुआ डरावना खेल, युवती से दुष्कर्म कर 6 लाख ठगने का आरोप
मंत्रालय में नौकरी लगाने का सपना दिखाया, भरोसा टूटा तो सामने आई सनसनीखेज सच्चाई
राजधानी रायपुर से भी एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक आदिवासी युवती को शादी और सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर न सिर्फ उसका शारीरिक शोषण किया गया, बल्कि उससे लाखों रुपए भी ठग लिए गए।
पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक युवती प्रतियोगी परीक्षा देने रायपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। आरोपी ने खुद को रसूखदार बताते हुए मंत्रालय में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। धीरे-धीरे उसने युवती का विश्वास जीता और शादी का वादा कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी ने युवती से करीब 6 लाख रुपए भी ले लिए। लंबे समय तक जब न नौकरी मिली और न शादी की बात आगे बढ़ी, तब पीड़िता को अपने साथ हुए धोखे का एहसास हुआ।
इसके बाद युवती ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और एसटी/एससी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


