पेट्रोल-डीजल के बाद अब गैस सिलेंडर पर मंडराया खतरा! 10 दिन में चौथी महंगाई की मार, जानिए आज कितने में मिल रहा LPG

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली  25 मई 2026:देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता की चिंता अब रसोई तक पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल के दाम 10 दिनों में चौथी बार बढ़ने के बाद लोगों को डर सताने लगा है कि कहीं घरेलू गैस सिलेंडर भी महंगा न हो जाए। हालांकि फिलहाल राहत की बात यह है कि घरेलू LPG सिलेंडर और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में आज कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ad

तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये की बढ़ोतरी की है। लगातार चौथी बार बढ़े दामों के बाद सिर्फ 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल करीब 7.5 रुपये तक महंगे हो चुके हैं। ऐसे में लोगों की नजर अब LPG सिलेंडर की कीमतों पर टिकी हुई है।

youtube

हालांकि तेल मार्केटिंग कंपनियों ने फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी है और गैस सिलेंडर के दाम स्थिर रखे हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बदलाव 7 मार्च 2026 को हुआ था, जब सिलेंडर 60 रुपये महंगा किया गया था। इसके बाद से दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

ऊर्जा बाजार में जारी अस्थिरता और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और LPG की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। इसके बावजूद सरकार और तेल कंपनियों ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत देने की कोशिश की है।

हालांकि कमर्शियल सेक्टर को बड़ा झटका लगा है। मई की शुरुआत में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 900 रुपये से ज्यादा की भारी बढ़ोतरी की गई थी, जिसका असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर साफ दिखाई दे रहा है।

देश के प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं—

दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913 रुपये, मुंबई में 912.5 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.5 रुपये में मिल रहा है। वहीं पटना में सबसे महंगा घरेलू सिलेंडर 1002.5 रुपये का है। लखनऊ में इसकी कीमत 950.5 रुपये और भोपाल में 918.5 रुपये है।

लगातार बढ़ती महंगाई के बीच लोगों की चिंता अब इस बात को लेकर बढ़ गई है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव और बढ़ा तो आने वाले दिनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। फिलहाल जनता को राहत जरूर मिली है, लेकिन महंगाई का खतरा अभी टला नहीं है।