स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 25 अक्टूबर 2026: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल चुका है, जो आगे चलकर बहुत भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तटों से बापटला और विशाखापट्टनम के बीच टकराएगा।
140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, तूफान के तट से टकराते समय हवा की अधिकतम सतत गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जो बीच-बीच में 140 किलोमीटर प्रति घंटे के झोंकों तक पहुंच सकती है। इसके प्रभाव से तटीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, समुद्र में ऊंची लहरें उठने और निचले इलाकों में बाढ़ आने की आशंका है। विशाखापट्टनम, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, कृष्णा और गुंटूर जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
डिप्रेशन से ‘भीषण चक्रवात’ बनने की टाइमलाइन
24 अक्टूबर 2026 को पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र दोपहर 12 बजे (UTC) डिप्रेशन में बदल गया था। 25 अक्टूबर को यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ेगा और डीप डिप्रेशन बनेगा। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक यह चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। 27 अक्टूबर की सुबह तक यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान और फिर बहुत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचेगा।
ओडिशा में 27 से 29 तक स्कूल-कॉलेज बंद, 60 ODRAF और 17 NDRF टीमें अलर्ट
ओडिशा सरकार ने संभावित तूफान से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें ‘शून्य हताहत’ का लक्ष्य रखा गया है। तूफान के असर से भारी बारिश और 80-90 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए गंजम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरि में 27 से 29 अक्टूबर तक स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। स्थिति से निपटने के लिए 60 ओड्राफ (ODRAF), 17 एनडीआरएफ (NDRF) और 225 अग्निशमन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।
पुडुचेरी में बारिश शुरू, मछुआरों के समुद्र में जाने पर रोक
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से पुडुचेरी में 24 अक्टूबर की रात से लगातार बारिश हो रही है। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी है। प्रभावित इलाकों के लोगों को सूखे राशन, पीने के पानी, जरूरी दवाओं की व्यवस्था करने और मोबाइल चार्ज रखने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन तटीय क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाने और राहत व्यवस्थाएं करने में जुट गया है।


