स्वतंत्र बोल
रायपुर, 21 मई 2026: छत्तीसगढ़ में गर्मी अब कहर बनकर टूट रही है। सूरज की तपिश और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बिलासपुर सबसे ज्यादा गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 5 दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। इसके साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग रायपुर केंद्र के मुताबिक, 20 मई को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने लोगों को झुलसा कर रख दिया। वहीं मुंगेली में 43.9 डिग्री, सक्ती में 43.8 डिग्री, जबकि बालोद और कबीरधाम में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर भी तपिश से बेहाल रही, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन दिनभर चल रही गर्म हवाओं और तेज धूप ने वहां भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन शुष्क मौसम और लगातार बढ़ती गर्मी ने हालात गंभीर बना दिए हैं।
मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव की आशंका जताई है, जिससे लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है।
रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, 21 मई को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। शहर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यानी दिन और रात दोनों समय गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है।
हालांकि प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह सूखा बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है।


