स्वतंत्र बोल
बिलासपुर,20 मई 2026: सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में देर रात एक घर अचानक रणभूमि में बदल गया। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि दरवाजा खुलते ही कुछ युवक घर में घुसकर हमला बोल देंगे। देखते ही देखते गाली-गलौज, मारपीट और धारदार हथियार से हमला शुरू हो गया। इस खौफनाक वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक घटना 17 मई 2026 की रात करीब 10:35 बजे की है। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रात के समय कुछ युवक उनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। जैसे ही दरवाजा खोला गया, घनश्याम और उसके साथी जबरन घर के अंदर घुस आए।
आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उन्होंने धारदार चाकू से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने घर के गेट पर ईंट-पत्थर बरसाकर जमकर तोड़फोड़ भी की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर दबिश दी।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में अविनाश मसीह उर्फ बट्टू (26), पुनीत राव गजवे (22) और पियुष रजक (19) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने घटना में शामिल होना कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी अविनाश मसीह के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल और धारदार चाकू बरामद किया है। अन्य आरोपियों और अपचारी बालक से भी मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई और बड़ा विवाद।


