स्वतंत्र बोल
रायगढ़,20 मई 2026: स्कूल का फॉर्म भरने घर से निकली 16 साल की छात्रा अचानक गायब हो गई। परिवार ने हर जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। घरवालों को अंदाजा भी नहीं था कि जिस युवक पर भरोसा किया गया, वही उसे अपने साथ सैकड़ों किलोमीटर दूर ले जाकर 10 दिनों तक दरिंदगी करता रहेगा। जब सच सामने आया तो परिवार समेत पुलिस भी सन्न रह गई।
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय चचेरी बहन 18 मई 2024 की सुबह करीब 9 बजे स्कूल का फॉर्म भरने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली।
परिवार को शक था कि कोई युवक बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की गई। इसी बीच मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस को बड़ा सुराग मिला।
जांच में पता चला कि पीड़िता उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र स्थित लोहंदी गांव में अजीत कुमार नामक युवक के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल प्रयागराज पहुंची और पीड़िता को बरामद कर लिया।
महिला पुलिस अधिकारी के सामने दर्ज बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी अजीत कुमार ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ रखा और 10 दिनों तक लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। पूछताछ में आरोपी ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद पॉक्सो कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेन्द्र साहू ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही आरोपी पर 6 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है।


