खरसिया से चोरी हुई कार 1200 किमी दूर मिली… मैकेनिक ने ऐसे रची थी हाईटेक चोरी की साजिश

स्वतंत्र बोल
रायगढ़,14 मई 2026:
  खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। जिस कार को मालिक ने घर के सामने खड़ा किया था, वह कुछ ही घंटों में 1200 किलोमीटर दूर दिल्ली पहुंच गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कार चोरी करने वाला कोई आम चोर नहीं, बल्कि पेशे से मैकेनिक निकला, जिसने महीनों पहले ही चोरी की पूरी स्क्रिप्ट लिख दी थी।

ad

चौकी खरसिया पुलिस ने इंटर स्टेट कार्रवाई करते हुए चोरी की गई वेन्यू कार को दिल्ली से बरामद कर आरोपी मोहम्मद आमिर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कार की पहले से डुप्लीकेट चाबी तैयार कर रखी थी और मौका मिलते ही योजनाबद्ध तरीके से वाहन पार कर दिया।

youtube

मामले में 6 मई 2026 को संदीप कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी वेन्यू कार क्रमांक CG 04 MT 7666 घर के सामने से चोरी हो गई है। शिकायत के बाद खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में कार को एक होटल तक जाते देखा गया। होटल स्टाफ से पूछताछ और वहां जमा पहचान दस्तावेजों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। तकनीकी जांच में आरोपी का मोबाइल लोकेशन दिल्ली में मिला।

इसी बीच वाहन मालिक विजय ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में एक मैकेनिक से उसकी मरम्मत कराई गई थी। इसी जानकारी ने पूरे मामले का रुख बदल दिया।

प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और लगातार तीन दिनों तक तलाश के बाद आरोपी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने कार की डुप्लीकेट चाबी पहले ही तैयार कर ली थी। उसे वाहन के जीपीएस सिस्टम और तकनीकी जानकारी भी थी, जिसके चलते उसने बेहद शातिर तरीके से चोरी को अंजाम दिया।

आरोपी ने चोरी के बाद कार का नंबर बदलकर दिल्ली की नंबर प्लेट लगा दी थी और उसे इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से करीब 6 लाख रुपए कीमत की वेन्यू कार बरामद कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह कार की डेंटिंग-पेंटिंग करवाकर दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।

पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आमिर, पिता मुस्ताक हुसैन, निवासी शाहदरा दिल्ली हाल मुकाम लोनी गाजियाबाद के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 समेत अन्य धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई की है। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को खरसिया लाया गया, जहां कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।