स्वतंत्र बोल
बेमेतरा, 14 मई 2026: जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत और चूनापत्थर से भरे तीन हाईवा वाहनों को जब्त किया है। जांच टीम की अचानक हुई कार्रवाई से खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पकड़े गए वाहनों में एक हाईवा रेत से भरा था, जबकि दो अन्य में चूनापत्थर का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर के निर्देश पर खनिज शाखा की टीम ने 12 मई को मारो और आसपास के इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान टीम ने सड़कों पर दौड़ रहे संदिग्ध हाईवा वाहनों को रोका और दस्तावेजों की जांच की। जांच में तीनों वाहन बिना वैध अनुमति और दस्तावेजों के खनिज परिवहन करते पाए गए।
कार्रवाई के बाद तीनों हाईवा को तत्काल जब्त कर पुलिस चौकी मारो में खड़ा कराया गया। प्रशासन ने इन मामलों में कुल 1 लाख 500 रुपये का अर्थदंड लगाने की तैयारी की है। वहीं संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों पर खान और खनिज अधिनियम, 1957 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन और राजस्व चोरी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।


