मुनाफे का सपना दिखाकर 3 करोड़ से ज्यादा की ठगी, रकम मांगते ही बाप-बेटे हुए फरार

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर, 14 मई 2026:
  शहर में करोड़ों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक जमीन कारोबारी को भारी मुनाफे का लालच देकर 3 करोड़ 32 लाख रुपये हड़प लिए गए। रकम वापस मांगने पर आरोपितों ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले के सामने आते ही कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

ad

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक विनोबा नगर निवासी जमीन कारोबारी विजय कुमार गुप्ता की पहचान वर्ष 2023 में एक जमीन सौदे के दौरान तोरवा निवासी अशोक कुमार गिडवानी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इसी भरोसे का फायदा उठाकर अशोक गिडवानी और उसके बेटे मोहित गिडवानी ने बड़ा खेल रच दिया।

youtube

आरोपितों ने विजय गुप्ता और उनके मित्र रमेश कुमार अग्रवाल को मनिहारी व्यवसाय में निवेश करने पर हर तीन महीने में मोटा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। चमकदार मुनाफे के झांसे में आकर विजय गुप्ता ने खुद, अपने परिजनों और दोस्तों के माध्यम से किस्तों में कुल 3 करोड़ 32 लाख रुपये आरोपितों को सौंप दिए।

धोखाधड़ी की इस पूरी साजिश में रकम आरटीजीएस और बैंक चेक के जरिए भावेश ट्रेडर्स और गणेश किचन नावेल्टी जैसी फर्मों के खातों में ट्रांसफर कराई गई। शुरुआत में आरोपित लगातार भरोसा दिलाते रहे कि तय समय पर मुनाफे की रकम मिल जाएगी, लेकिन समय बीतता गया और एक भी किस्त नहीं आई।

जब पीड़ित ने अपनी मूल रकम वापस मांगी, तब आरोपितों का असली चेहरा सामने आ गया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर अचानक संपर्क तोड़कर फरार हो गए।

मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मुख्य आरोपित अशोक कुमार गिडवानी, उसके बेटे मोहित गिडवानी और भावेश ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फर्मों के बैंक खातों, लेनदेन और रकम के ट्रांजैक्शन की गहन जांच में जुटी हुई है।