स्वतंत्र बोल
रायपुर,12 मई 2026: सनातन आस्था, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्र स्वाभिमान का अद्भुत संगम सोमवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में देखने को मिला, जब सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। मंदिर परिसर में गूंजते “हर-हर महादेव” के जयघोष और भजनों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
विकासखंड गौरेला के तवाडबरा स्थित ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में जिला प्रशासन की ओर से भव्य भजन संध्या और धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन के दौरान विधायक और कलेक्टर ने भगवान ज्वालेश्वर महादेव से जिलेवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उमड़ी भारी भीड़ ने आयोजन को भक्ति और आस्था के महासागर में बदल दिया।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को भारत की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और आत्मगौरव का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ आयोजित भजन संध्या में भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध भजन गायक साजन पाठक, मीनाक्षी केशवानी और कीर्ति कुसरो ने शिव भक्ति से सराबोर भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से लगातार गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।
इस मौके पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्रीय स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक एकता, धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता के संदेश से ओतप्रोत यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बन गया।


