12वीं बोर्ड पेपर लीक का बड़ा खुलासा! 3000 रुपये में बिक रहा था प्रश्नपत्र, मास्टरमाइंड बिलासपुर से गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस पूरे नेटवर्क के मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद शिक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया है।

ad

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्रों को परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर प्रति छात्र करीब 3000 रुपये तक वसूल रहा था। यह पूरा खेल संगठित तरीके से चलाया जा रहा था, जिसमें डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर पेपर को आगे फैलाया जा रहा था।

youtube

मामले की शुरुआत तब हुई जब छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने मोबाइल चैट, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और डिलीट किए गए डिजिटल डेटा को खंगाला, जिससे धीरे-धीरे पूरे नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं।

लगातार जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक छात्रों और संबंधित लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी वेणु जंघेल तक पहुंच बनाई गई। आरोपी मूल रूप से बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और फिलहाल रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार मोबाइल डेटा और डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था। इतना ही नहीं, उस पर 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद चार दिन की रिमांड में हुई पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं, जिनमें पेपर लीक के तरीके, पैसे के लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और इस पूरे रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा हो सकता है।