स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली,10 मई 2026: तमिलनाडु की राजनीति में इस वक्त जिस एक नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वो है 29 साल की एस कीर्तना। उम्र छोटी, लेकिन सियासी असर इतना बड़ा कि अब उन्हें विजय सरकार का सबसे बड़ा ‘सरप्राइज कार्ड’ कहा जा रहा है। अभिनेता से मुख्यमंत्री बने थलापति विजय ने अपनी पहली कैबिनेट में जिस युवा चेहरे पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया, वह कोई वरिष्ठ नेता नहीं बल्कि शिवकाशी से चुनाव जीतकर आईं एस कीर्तना हैं।
एस कीर्तना अब तमिलनाडु की सबसे युवा मंत्रियों में शामिल हो चुकी हैं। इतना ही नहीं, वह विजय की पहली कैबिनेट की अकेली महिला मंत्री भी हैं। उनकी जीत सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे तमिलनाडु की दशकों पुरानी पुरुष प्रधान राजनीति पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
विरुधुनगर जिले की शिवकाशी सीट, जिसे ‘भारत की पटाखा राजधानी’ कहा जाता है, वहां से जीत दर्ज कर कीर्तना ने इतिहास रच दिया। करीब 70 साल से पुरुष नेताओं के कब्जे वाली इस सीट पर पहली बार किसी महिला ने जीत हासिल की है। इसी वजह से उनकी जीत को “सियासी विस्फोट” कहा जा रहा है।
टीवीके ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और सत्ता तक पहुंच गई। लेकिन इस चुनाव में सबसे चौंकाने वाला चेहरा एस कीर्तना बनकर उभरीं। चुनाव प्रचार के दौरान ही उन्हें पार्टी के सबसे पढ़े-लिखे और युवा उम्मीदवारों में गिना जाने लगा था।
दिलचस्प बात यह है कि तमिलनाडु में हिंदी को लेकर अक्सर राजनीति गर्म रहती है, लेकिन कीर्तना ने इस मुद्दे पर बिल्कुल अलग रास्ता चुना। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने खुलकर हिंदी में बातचीत की और कहा कि वह चाहती हैं कि विजय की सोच पूरे देश तक पहुंचे। उनका मानना है कि भाषा लोगों को जोड़ने का माध्यम है, लड़ाई का नहीं।
उनका यही अंदाज अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उन्हें “न्यू एज पॉलिटिक्स” का चेहरा बता रहे हैं। कई यूजर्स ने तो उन्हें तमिलनाडु की भविष्य की बड़ी नेता तक कहना शुरू कर दिया है।
राजनीति में आने से पहले एस कीर्तना पर्दे के पीछे रहकर चुनावी रणनीति और डिजिटल कैंपेन संभालती थीं। टीवीके के शुरुआती दौर में युवाओं को जोड़ने और सोशल मीडिया नेटवर्क तैयार करने में उनकी अहम भूमिका बताई जाती है। इससे पहले वह तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के अभियानों में भी काम कर चुकी हैं।
अब मुख्यमंत्री विजय ने उन्हें मंत्री बनाकर साफ संकेत दे दिए हैं कि उनकी सरकार सिर्फ पुराने चेहरों पर नहीं, बल्कि युवा और नए सोच वाले नेताओं पर दांव लगाने जा रही है।
तमिलनाडु की राजनीति में अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या 29 साल की यह युवा मंत्री आने वाले समय में विजय सरकार का सबसे मजबूत चेहरा बनेंगी? क्योंकि जिस तेजी से कीर्तना चर्चा में आई हैं, उसने बड़े-बड़े दिग्गज नेताओं की चिंता बढ़ा दी है।


